मुंगेली/नगर के वार्ड क्रमांक-02 सरदार पटेल वार्ड में मुख्य मार्ग पर अग्रवाल अस्पताल के पास जर्जर एवं अतिविस्तारित महानीम के पेड़ से बनी दुर्घटना की आशंका को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला द्वारा 1 अक्तूबर को एसडीएम को आवेदन दिया था उस आवेदन के बाद आखिरकार संबंधित विभाग हरकत में आया। रविवार को वन विभाग एवं बिजली विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और जर्जर हो चुके पेड़ को काटकर सुरक्षित रूप से हटा दिया।
गौरतलब है कि मुख्य मार्ग पर स्थित उक्त पेड़ काफी जर्जर हो चुका था। पेड़ के अचानक गिरने की स्थिति में राहगीरों एवं वाहन चालकों के साथ-साथ आसपास के रहवासियों के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न होने की आशंका बनी हुई थी। इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने एसडीएम को आवेदन देकर संबंधित विभाग के द्वारा पेड़ का निरीक्षण कर एवं उसे हटाने की कार्रवाई किए जाने मांग की थी।
नपा अध्यक्ष के आवेदन के बाद रविवार को वन विभाग और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। विभागीय अमले ने आवश्यक सावधानी बरतते हुए पेड़ की कटाई की और उसे वहां से हटाया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला भी मौके पर पहुंचे और पूरी कार्रवाई का निरीक्षण किया।
संभावित हादसे से पहले टली बड़ी परेशानी
पेड़ हटाए जाने के बाद मुख्य मार्ग पर संभावित दुर्घटना का खतरा टल गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पेड़ लंबे समय से जर्जर स्थिति में था और मुख्य सड़क के किनारे होने के कारण किसी भी समय गिरने की आशंका बनी रहती थी। समय रहते पेड़ को हटाए जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिली है।
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहा कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। यदि किसी जर्जर पेड़ से दुर्घटना की आशंका है तो संबंधित विभागों के समन्वय से समय रहते आवश्यक कार्रवाई करना जरूरी है,ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
वन विभाग एवं बिजली विभाग की संयुक्त कार्रवाई के दौरान पेड़ को हटाए जाने के बाद क्षेत्रवासियों ने भी राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने जनहित से जुड़े इस मामले में त्वरित कार्रवाई किए जाने की सराहना की। वही इस दौरान एल्डरमैन संजय वर्मा,पार्षद प्रतिनिधि जितेंद्र अन्नू साहू,धीरज पाण्डेय सहित भारी संख्या में अन्य लोग मौजूद रहे



