मुंगेली/केंद्रीय मंत्री एवं बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद तोखन साहू का जन्मदिन बुधवार को पूरे प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा धूमधाम से मनाया गया। इसी कड़ी में मुंगेली में भी सांसद को बधाई देने के उद्देश्य से नगर के हृदय स्थल पर एक विशाल होर्डिंग लगाया गया। लेकिन यह होर्डिंग अब चर्चा और विवाद का विषय बन गया है।
दरअसल इस होर्डिंग में भाजपा के जिला अध्यक्ष दीनानाथ केसरवानी, नगर मंडल अध्यक्ष सौरभ बाजपेई सहित कई भाजपा पार्षदों और उनके प्रतिनिधियों की तस्वीरें तो प्रमुखता से लगाई गई हैं,लेकिन पार्टी के कुछ वरिष्ठ एवं प्रभावशाली नेताओं को इसमें स्थान नहीं दिया गया।
होर्डिंग से गायब हैं ये चेहरे
इस होर्डिंग से नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा, भाजपा के एकमात्र अल्पसंख्यक पार्षद असलम खान,सतनामी समाज से युवा पार्षद विजय बंजारा, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष एवं वर्तमान नेता प्रतिपक्ष मोहन मल्लाह और सिंधी समाज का प्रतिनिधित्व करने वाले पार्षद जितेंद्र दावड़ा की तस्वीरें नदारद हैं।
इस उपेक्षा को लेकर अब नगर में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग इसे पार्टी के अंदरूनी मतभेद से जोड़कर देख रहे हैं और चुटकी भी ले रहे हैं कि “भाजपा में जन्मदिन की बधाई भी अब चयनित लोगों को ही दी जाती है!”
उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा ने जताई नाराजगी
नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा ने इस मामले पर नाराजगी जताते हुए कहा कि वे भाजपा के कर्मठ सिपाही हैं। पार्टी ने जब भी उन्हें कोई जिम्मेदारी सौंपी,उन्होंने उसे पूरी निष्ठा और समर्पण से निभाया है।
उन्होंने कहा,“जब भाजपा ने मुझे मुस्लिम बहुल महामाई वार्ड से प्रत्याशी बनाया, तब मैंने वहां से जीत दर्ज कर पार्टी का परचम लहराया। इतना ही नहीं,रामगोपाल तिवारी वार्ड में, जहां पिछली बार भाजपा को करारी हार मिली थी, वहां से भी मैंने जीत हासिल की और पार्टी को मजबूत किया। बावजूद इसके अगर मुझ जैसे कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जा रही है, तो यह उचित नहीं। मैं इस विषय को पार्टी फोरम में जरूर उठाऊंगा।”
नगर में बढ़ी हलचल
इस बयान के बाद नगर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कई भाजपा कार्यकर्ता भी अंदर ही अंदर इस उपेक्षा से असहज महसूस कर रहे हैं। पार्टी के अंदर इस मुद्दे पर मंथन की संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल सांसद तोखन साहू के जन्मदिन की बधाई का यह होर्डिंग,भाजपा के भीतर समावेश और प्रतिनिधित्व के सवालों को फिर से चर्चा में ले आया है।



