मुंगेली/विजयादशमी पर्व के अवसर पर दिनांक 02 अक्टूबर 2025 को रक्षित केंद्र मुंगेली में पुलिस विभाग द्वारा पारंपरिक शस्त्र पूजा का आयोजन किया गया। हर वर्ष की तरह इस बार भी पुलिस विभाग ने दशहरा पर्व को विधि-विधान के साथ मनाते हुए शस्त्र,वाहन और उपकरणों की पूजा अर्चना की।

दशहरा पर्व बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन भगवान श्रीराम ने रावण का वध कर लंका पर विजय प्राप्त की थी। साथ ही माँ दुर्गा ने महिषासुर राक्षस का वध कर धर्म की स्थापना की थी। इसी कारण विजयदशमी को शस्त्र पूजन का विशेष महत्व प्राप्त है।
पारंपरिक विधि से हुआ आयोजन
कार्यक्रम में जिला पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने पारंपरिक विधियों के साथ शस्त्र पूजन किया। उन्होंने पुलिस बल के हथियारों,वाहनों और उपकरणों की पूजा कर शक्ति, सुरक्षा और विजय की कामना की। इस दौरान पुलिस जवानों और अधिकारियों ने भी अपने शस्त्रों को सुसज्जित कर विधिपूर्वक पूजा अर्चना की।
पूजा के समापन पर परंपरा अनुसार रखिया कद्दू काटकर हवाई फायरिंग की गई और तत्पश्चात वाहनों की पूजा कर जनता की सुरक्षा का संकल्प लिया गया। इसी प्रकार जिले के सभी थानों में भी शस्त्र पूजन आयोजित किया गया।

जिलेवासियों को दी शुभकामनाएँ
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने जिलेवासियों को विजयदशमी पर्व की हार्दिक बधाई देते हुए कहा—
“विजयदशमी पर्व आपके जीवन में खुशियाँ लेकर आए। यह पर्व असत्य पर सत्य की विजय और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। हमें अपने अंदर के रावण को समाप्त कर राम को जगाना चाहिए। मैं सभी से अपील करता हूँ कि दशहरा पर्व को शांति और सुरक्षित ढंग से मनाएँ।”

वरिष्ठ अधिकारी एवं स्टाफ रहे उपस्थित
शस्त्र पूजन कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा,पुलिस अनुविभागीय अधिकारी मुंगेली मयंक तिवारी,पथरिया अनुविभागीय अधिकारी नवनीत पाटिल,उप पुलिस अधीक्षक एस.आर. घृतलहरे,यातायात एवं नक्सल उप पुलिस अधीक्षक संजय साहू,रक्षित निरीक्षक नरगिस ख्रिस्ट तिग्गा बघेल सहित जिले के सभी थाना प्रभारी और पुलिस स्टाफ मौजूद रहे।



